लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उद्घाटन मुकाबले में लामासिया क्लब ने रॉयल एफसी-2 को 6-1 से हराया
जयपुर ।
सवाई मान सिंह स्टेडियम में शनिवार को चार दिवसीय ओपन अंडर-19 फुटबॉल फाउंडेशन कप का भव्य आगाज हुआ। ऑल स्पोर्ट्स फाउंडेशन, जयपुर के तत्वावधान में आयोजित इस 7×7 नॉकआउट प्रतियोगिता में जयपुर, अलवर, भरतपुर और उदयपुर सहित प्रदेशभर से कुल 32 टीमों के 320 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
विजय पूनिया ने किया उद्घाटन
फाउंडेशन के संस्थापक नितिन चौधरी ने बताया कि महाराजा जवाहर सिंह जाट छात्रावास के संस्थापक और समाजसेवी विजय पूनिया ने फुटबॉल किक कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। उद्घाटन मुकाबला लामासिया और रॉयल एफसी-2 के बीच खेला गया, जिसमें लामासिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह मैच 6-1 से जीत लिया।
समर बने मैन ऑफ द मैच
लामासिया के खिलाड़ी समर ने शानदार खेल दिखाते हुए अकेले ही 4 गोल किए और मैन ऑफ द मैच बने। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विजय पूनिया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “खेल को कैरियर के रूप में अपनाना चाहिए क्योंकि इससे न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और बौद्धिक क्षमता का भी विकास होता है।”
विजेता टीमों को मिलेंगे नकद पुरस्कार
आयोजन समिति के संयोजक नीरज कुमार ने बताया कि टूर्नामेंट 16 से 19 अगस्त तक चलेगा। सभी मुकाबले 40 मिनट के नॉकआउट मैच होंगे।
-
विजेता टीम को 31,000 रुपए,
-
उपविजेता को 21,000 रुपए,
-
तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 11,000 रुपए का कैश प्राइज दिया जाएगा।
इसके अलावा गोलकीपर ऑफ द टूर्नामेंट और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 2100-3100 रुपए नकद इनाम के साथ सम्मानित किया जाएगा। वहीं बेस्ट रेफरी और मैन ऑफ द मैच को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
उत्साहवर्धन के लिए मौजूद रहे गणमान्य
सह संयोजक नीरज चौधरी ने बताया कि उद्घाटन समारोह में महिला फुटबॉल फेडरेशन की चेयरमैन रोशनी टाक ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य सुरेश सिकरोरा, आयोजन समिति सदस्य सोमदत्त सिनसिनवार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

















































