जयपुर में सचिन पायलट के नेतृत्व में NSUI का उग्र प्रदर्शन,
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर, मंगलवार — छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर NSUI ने आज शहीद स्मारक, जयपुर पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता और हजारों NSUI कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच जोरदार झड़प हुई। हालात काबू में रखने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसमें सचिन पायलट, मुकेश भाकर, सुमित बगसरा, विनोद जाखड़, अनिल चोपड़ा समेत कई नेताओं पर पानी की तेज बौछार की गई।
सीएम हाउस जाने से रोका
प्रदर्शनकारियों का जत्था जब सीएम हाउस की ओर बढ़ा, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की और नारेबाजी हुई। पुलिस ने कई छात्रों और छात्र नेताओं को जबरन हिरासत में लिया।
कौन-कौन रहे मौजूद
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख नेताओं में —NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी,विधायक मुकेश भाकर,विधायक मनीष यादव,यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया,विधायक ललित यादव,विधायक दीन दयाल बैरवा,विधायक सुरेश गुर्जर, राजस्थान विश्वविद्यालय के निर्वतमान छात्र संघ अध्यक्ष निर्मल चौधरी,कांग्रेस नेता एवं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनिल चोपड़ा,NSUI प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़,साथ ही NSUI के अन्य पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
️ नेताओं का आरोप
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह छात्र संघ चुनाव कराने में टालमटोल कर रही है, जिससे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर चुनाव बहाल नहीं हुए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।