लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद जिले के कुंवारिया कस्बे स्थित नृसिंहद्वारा अखाड़ा के रघुनंदन मंदिर परिसर में बीती रात्रि अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर ठाकुरजी राम-लखन-जानकी का आकर्षक श्रृंगार कर विविध प्रकार के मिष्ठान एवं खाद्य सामग्रियों का भोग लगाया गया।
पुजारी नरेश वैष्णव ने ठाकुरजी का मनमोहक श्रृंगार कर विशेष पूजा-अर्चना की, वहीं चारभुजा के बड़े मंदिर के पुजारी बसंतीलाल पराशर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न करवाई। मंदिर परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयघोषों से गुंजायमान रहा।
रात्रि आठ बजे ठाकुरजी के समक्ष चावल-चमले का प्रसाद अर्पित किया गया, जिसे ग्रहण करने के लिए कस्बे सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आदिवासी परिवारों ने नाचते-गाते हुए मंदिर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और भक्ति भाव से वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
अन्नकूट पर्व के अवसर पर मंदिर परिसर को विद्युत सजावट से दैदीप्यमान कर दिया गया। सम्पूर्ण वातावरण भक्ति, आस्था और आनंद से सराबोर रहा।
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और ठाकुरजी के महाप्रसाद का लाभ उठाकर स्वयं को धन्य महसूस किया।
















































