लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर में जुटे सैकड़ों संविदाकर्मी, बोले- बजट घोषणा के बावजूद नियमितीकरण प्रक्रिया शुरू नहीं हुई
जोधपुर: राजस्थान पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक संघ के बैनर तले सोमवार को जोधपुर में संभाग स्तरीय रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायकों ने भाग लेकर नियमितीकरण की मांग उठाई और सरकार से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र चौधरी ने कहा कि शिक्षा विभाग में संविदा रूल-2022 के तहत कार्यरत करीब 23,740 पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायकों के नियमितीकरण की प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं होने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने बजट वर्ष 2026-27 में नियमितीकरण के लिए अनुभव संबंधी शर्त में दो वर्ष की छूट देने की घोषणा की थी। इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई आदेश जारी नहीं किया गया है और न ही नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में ग्राम पंचायत सहायक और वर्तमान में पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक के रूप में संविदा रूल-2022 के तहत लगातार सेवाएं दे रहे कर्मचारियों का अनुभव भी बजट घोषणा लागू होने के बाद निर्धारित अवधि पूरी कर लेगा। ऐसे में संविदा रूल-2022 के बिंदु संख्या-20 के तहत उनके नियमितीकरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जानी चाहिए।
मानसून सत्र में बड़े आंदोलन की चेतावनी
संघ ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी राजस्थान विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान जयपुर में प्रदेशव्यापी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। संघ का कहना है कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द आदेश जारी करने की मांग दोहराई।