लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा, रिपोर्ट – पंकज पोरवाल
श्री निंबार्क आश्रम गांधीनगर में श्री निंबार्क सेवा समिति के तत्वावधान में गत एक वर्ष से प्रत्येक मंगलवार को सात हनुमान चालीसा का नियमित पाठ हो रहा है। इस अनूठी परंपरा के एक वर्ष पूर्ण होने पर वार्षिकोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया।
कार्यक्रम में संत महात्माओं की उपस्थिति में सात हनुमान चालीसा पाठ और आरती संपन्न हुई। मंच से संबोधित करते हुए आश्रम के महंत मोहन शरण शास्त्री ने कहा कि आज का समाज कमाने और मनोरंजन में इतना व्यस्त हो गया है कि अध्यात्म और समाज की ओर ध्यान नहीं देता। इस पाठ के माध्यम से समाज में एकता और अध्यात्म की चेतना जगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की परंपरा अब भीलवाड़ा के अन्य मंदिरों में भी शुरू हो, इसके प्रयास किए जा रहे हैं।
हाथी भाटा आश्रम के महंत संत दास ने कहा कि हमें गर्व है कि हम सनातनी समाज का हिस्सा हैं और सबसे शीघ्र कृपा करने वाले भगवान हनुमान ही हैं। वहीं, संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश चंद्र ने कहा कि विश्व को दिशा केवल सनातन धर्म ही दे सकता है, क्योंकि सनातन अपने अतिरिक्त दूसरों का भी सहयोग करता है। आने वाला समय सनातन की विजय का समय होगा।
इस अवसर पर वर्षभर नियमित रूप से पाठ में शामिल होने वाले आदित्य अजमेरा, हर्ष अजमेरा, ढीला राठी और अनिका काबरा का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कठिया बाबा (छोटी हरनी आश्रम) और पंडित मुरारी पांडे (पंचमुखी हनुमान मंदिर, पुर रोड) का भी सानिध्य रहा।
समिति अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने बताया कि एक वर्ष पूर्व राजकुमार घीया, महेश जाजू, हरि अग्रवाल, संजीव चिरानिया, लक्ष्मण शेखावत आदि ने बैठकर विचार किया था कि समाज विशेषकर बच्चों को अध्यात्म से जोड़ने के लिए कुछ शुरू किया जाए। इसी विचार से यह कार्यक्रम प्रारंभ हुआ और आज यह एक प्रेरणादायी परंपरा बन गया है।
हर मंगलवार को यह पाठ ठीक रात 8:30 बजे शुरू होकर 9:05 बजे तक संपन्न होता है। आयोजन में अशोक मूंदड़ा, सुशील गुप्ता, विनय माहेश्वरी, रोशन सिंह, गोपाल सुखवाल, केसी अरोड़ा, कमलेश, लक्ष्मी नारायण चांडक, अमित काबरा, विनोद ओझा, प्रमोद मानसिंहका, नीलम गुप्ता, पंडित माधव शरण, कुंज बिहारी चांडक, हर्ष राठी और भवानी शंकर जोशी सहित कई लोगों का सहयोग रहा।



















































