लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अंडर-14 वर्ग में नेशनल के लिए क्वालीफाई कर बढ़ाया क्षेत्र का मान
मेड़ता सिटी (नागौर) |
68वीं नेशनल 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप-2025 में मेड़ता क्षेत्र के डांगावास निवासी सुमित टाडा ने अंडर-14 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में नेशनल के लिए क्वालीफाई कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
नेशनल स्तर पर क्वालीफाई करने पर सुमित के परिजनों, रिश्तेदारों एवं खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। अब सुमित इंडिया टीम के लिए खेलने की दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके लिए वह 5 जनवरी 2026 से 20 जनवरी 2026 तक दिल्ली में आयोजित ट्रायल में भाग लेगा। ट्रायल में चयन होने पर सुमित को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
विद्यालय में हुआ सम्मान
इस उपलब्धि पर सुमित के पिता रामप्रकाश टाडा सहित जय राणा शिक्षण संस्थान के स्टाफ ने हर्ष व्यक्त किया। विद्यालय परिसर में सुमित का साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
युवाओं के लिए प्रेरणा
क्षेत्रवासियों ने सुमित की इस सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उसके उज्ज्वल खेल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
















































