लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर | नितिन मेहरा
अजमेर के भजनगंज स्थित सामुदायिक भवन में वाल्मीकि समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति सेवा संस्थान द्वारा आयोजित 21वें विशाल सामूहिक विवाह सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सहभागिता कर नवविवाहित जोड़ों को स्नेहिल आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने सभी दंपतियों के सुखद, समरस, मर्यादित और सफल दांपत्य जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और समाज के संस्कारों का पवित्र बंधन होता है। इसे जिम्मेदारी, आपसी सम्मान और नैतिक मूल्यों के साथ निभाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज में एकता, समानता और आर्थिक सशक्तिकरण का सशक्त प्रतीक हैं।
देवनानी ने कहा कि ऐसे आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को अनावश्यक खर्च से राहत प्रदान करते हैं और साथ ही दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सामूहिक विवाह भारतीय संस्कृति के पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामूहिक सहभागिता को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान, सामाजिक न्याय और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस प्रकार के आयोजन एक समावेशी, सशक्त और संवेदनशील समाज के निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं।
समारोह के अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने इस पुनीत आयोजन के सफल संचालन के लिए आयोजकों, भामाशाहों एवं समाजबंधुओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयास समाज की सामूहिक जिम्मेदारी और एकजुटता को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।

















































