लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नए स्टेशन भवन सहित आधुनिक सुविधाओं के लिए ई-निविदा जारी
नावा सिटी (प्रदीप कुमार डागा)।
उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल ने नावा सिटी रेलवे स्टेशन के विकास एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ई-निविदा जारी की है। रेलवे की इस पहल से स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे द्वारा जारी ई-निविदा संख्या 13/2026-27 के अनुसार नावा सिटी रेलवे स्टेशन (NSG-5 श्रेणी) पर नए स्टेशन भवन, बुकिंग कार्यालय, विशाल प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) तथा आधुनिक वेटिंग रूम का निर्माण कराया जाएगा। यह परियोजना स्टेशन की आधारभूत संरचना को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
लंबे समय से उठ रही थी मांग
गौरतलब है कि नावा सिटी रेलवे स्टेशन के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर क्षेत्र के सामाजिक संगठन फ्रेंड्स क्लब द्वारा लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। संगठन ने विभिन्न स्तरों पर जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों के समक्ष स्टेशन के उन्नयन तथा आधुनिक सुविधाओं के विकास की मांग उठाई थी।
क्षेत्रवासियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन विकास से संबंधित कार्यों को स्वीकृति प्रदान करते हुए ई-निविदा जारी की है। इसे नावा सिटी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रेलवे के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जनहित की जीत बताया है। उनका कहना है कि स्टेशन के विकास से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं नावा सिटी की पहचान और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेलवे स्टेशन भविष्य में व्यापार, पर्यटन और आवागमन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
17 जून तक आमंत्रित किए गए आवेदन
रेलवे द्वारा जारी निविदा के अनुसार आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 17 जून 2026 निर्धारित की गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किए जाने की संभावना है।
रेलवे की इस घोषणा के बाद नावा सिटी क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही रेलवे स्टेशन आधुनिक स्वरूप में विकसित होकर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
