Home latest नावा सिटी को मिलने जा रही ऐतिहासिक सौगात

नावा सिटी को मिलने जा रही ऐतिहासिक सौगात

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 उप जिला चिकित्सालय भवन निर्माण कार्य जून में शुरू होने की संभावना

नागौर/नावा सिटी (प्रदीप कुमार डागा)। नावा सिटी एवं आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित सौगात सामने आई है। लंबे समय से प्रतीक्षित उप जिला चिकित्सालय के नए भवन निर्माण कार्य को लेकर अब सकारात्मक प्रगति देखने को मिल रही है। यदि किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधा उत्पन्न नहीं हुई तो आगामी जून माह में निर्माण कार्य शुरू होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

लंबे समय से उठ रही थी मांग

नावा सिटी में उप जिला चिकित्सालय के नए भवन की मांग को लेकर पिछले कई वर्षों से स्थानीय स्तर पर जनआंदोलन और प्रयास जारी थे। इस जनहित के मुद्दे को समाजसेवी मनोज गंगवाल एवं उनकी टीम द्वारा क्षेत्रवासियों के सहयोग से लगातार प्रमुखता से उठाया गया। विभिन्न स्तरों पर जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी रूप से मांग रखी गई, जिसके परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण परियोजना अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा लाभ

नए उप जिला चिकित्सालय भवन के निर्माण से नावा सिटी एवं आसपास के हजारों लोगों को बेहतर, आधुनिक एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त यह भवन बनने के बाद मरीजों को उपचार के लिए अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी। इससे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे में व्यापक सुधार होगा तथा मरीजों एवं उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।

क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह केवल एक भवन निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि नावा सिटी के स्वास्थ्य एवं समग्र विकास से जुड़ा एक ऐतिहासिक कदम है, जो आने वाले समय में लाखों लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी के प्रयासों की सराहना

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि उनके सकारात्मक हस्तक्षेप, निरंतर प्रयासों एवं जनभावनाओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के कारण वर्षों पुरानी मांग अब मूर्त रूप लेने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

जनएकता और प्रयासों की जीत

नावा सिटी में इस खबर के बाद खुशी और उत्साह का माहौल है। समाजसेवी मनोज गंगवाल, उनकी टीम तथा क्षेत्रवासियों ने इसे जनएकता, सतत संघर्ष और सामूहिक प्रयासों की जीत बताया है। साथ ही सभी नागरिकों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version