लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
हरियालो राजस्थान अभियान के तहत किया पौधारोपण
पादूकलां।( नागौर) नव नियुक्त एसीबीईओ (ACBO) गोपाल सिंह चारण ने पदभार ग्रहण करते ही जनहित और शैक्षणिक विकास के लिए सक्रियता दिखाते हुए क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा की गुणवत्ता एवं स्कूल परिवेश के बारे में जानकारी ली, साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चारण ने सबसे पहले लांपोलाई स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया,जहां उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य यशवंत सिंह रावत ने उन्हें स्कूल परिसर में चल रहे वृक्षारोपण कार्य की जानकारी दी और विभिन्न प्रजातियों के पौधों के बारे में बताया।
इसके पश्चात उन्होंनेपादूकलां के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय का भी दौरा किया और वहाँ के प्रधानाचार्य जीवणराम बडियासर से विद्यालय संचालन और शिक्षण व्यवस्था को लेकर चर्चा की।इस अवसर पर चारण ने कहा कि — “पौधे प्रकृति के श्रृंगार होते हैं। ये न केवल धरती की शोभा बढ़ाते हैं बल्कि हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा भी हैं। आज ग्लोबल वार्मिंग जैसी विकराल समस्या के समाधान के लिए सघन वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि आम नागरिकों की भागीदारी से ही पर्यावरण संतुलन को बनाए रखा जा सकता है।उन्होंने यह भी बताया कि विघटित कचरे से उत्पन्न होने वाली मिथेन और कार्बन डाइऑक्साइड जैसी ग्रीनहाउस गैसें वातावरण की तपन को बढ़ाकर ग्लोबल वार्मिंग को और अधिक गंभीर बना रही हैं। यदि हम समय रहते वृक्षारोपण, कचरा प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में गंभीर नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए संकट और गहराता जाएगा।कार्यक्रम में शामिल शारीरिक शिक्षिका रेखा बारासा और रामकिशोर प्रजापत ने बताया कि विश्वभर में जलवायु परिवर्तन की गंभीरता को देखते हुए हर वर्ष संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष अज़रबैजान की राजधानी बाकू में हुए सम्मेलन में लगभग 200 देशों ने बढ़ते तापमान को रोकने और धरती को हरा-भरा रखने हेतु वृक्षारोपण जैसे महत्वपूर्ण संकल्प लिए। जयसिंह ने कहा कि “हरियाली के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है।
हर नागरिक को ‘एक व्यक्ति, एक पेड़’ का संकल्प लेकर इसे व्यवहार में लाना चाहिए।” वहीं, प्रधानाचार्य जीवणरामबडियासर ने भी आमजन को इस वर्षा ऋतु में अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करते हुए यह विश्वास दिलाया कि विद्यालय की ओर से पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।इस अवसर पर अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से: जीवणराम बडियासर, बलदेवराम जयपाल, विजेंद्र,रतनलाल बेरवाल, ओमप्रकाश प्रजापत, संगीता शर्मा, सुमनधवल, दीनाराम पारासरिया, लक्ष्मणराम बेरवाल, रामकिशोर प्रजापत, हरिराम मूलचंद, दिनेश वैष्णव, अमराराम चोयल, जयसिंह, रघुवीर सैन, इंदू राजावत, प्रेमसुख टाडा, रामनिवास रूपसिंह आदि शामिल रहे।विद्यालय परिसर में हुए इस वृक्षारोपण कार्यक्रम ने क्षेत्र में पर्यावरण जागरूकता की अलख जगाई है, जो आने वाले समय में हरित राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।


















































