Home crime नशे की लत ने बनाया चोर: परिवार के मुखिया ने ही अपने...

नशे की लत ने बनाया चोर: परिवार के मुखिया ने ही अपने घर से उड़ाए जेवरात 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 1.89 लाख का माल बरामद

पीसांगन (अजमेर)। पीसांगन थाना पुलिस ने चोरी के एक हैरान करने वाले मामले का खुलासा करते हुए परिवार के मुखिया को ही गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.89 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान बरामद कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

6 अप्रैल को दर्ज हुआ था मामला

थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि 6 अप्रैल को ताराचंद रेगर, निवासी मेवाड़िया हाल निवासी नयागांव रोड, मेवाड़िया चौराहा, पीसांगन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात के समय अज्ञात चोर घर में घुसकर स्टील के डिब्बे में रखी करीब 60 हजार रुपये की चांदी की पायजेब, 90 हजार रुपये की दो सोने की अंगूठियां, 15 हजार रुपये की आठ बिछिया, 6 हजार रुपये की नाक की बाली, 18 हजार रुपये नकद तथा चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए।

इस संबंध में पीसांगन थाने में प्रकरण संख्या 120/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की जांच में सामने आई सच्चाई

जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल (आईपीएस) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लालचंद कायल एवं वृत्ताधिकारी ग्रामीण के सुपरविजन में थानाधिकारी सरोज चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई फूलसिंह गुर्जर, आत्माराम शेषमा तथा कांस्टेबल सुखराम सेवदा, भोमाराम चोयल, गोपालराम खटखड़ और दिनेश चौधरी शामिल रहे।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान परिवार के मुखिया की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने 65 वर्षीय रामसुख पुत्र भोजूजी, निवासी रेगरों का मोहल्ला, मेवाड़िया को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में कबूला जुर्म

कड़ी पूछताछ में रामसुख ने स्वीकार किया कि उसने नशे की लत पूरी करने के लिए अपने ही घर से चोरी की थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया।

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चांदी की पायजेब, कड़ा, पातड़ी, पांच जोड़ी बिछिया, दो चांदी के सिक्के, सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, नाक का कांटा और दो लॉकेट बरामद किए हैं।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version