नसीराबाद में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

0
137
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क 

मंदिरों में भजनों और झांकियों ने बांधा समां

संवाददाता – जितेंद्र बालोत, नसीराबाद (अजमेर)

अजमेर जिले के नसीराबाद में भगवान श्रीकृष्ण का 5252वां जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उत्सव का रंग देखने को मिला। मंदिरों में भजन-कीर्तन, पूजा-पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।

100 से अधिक स्थानों पर प्रसाद वितरण

नसीराबाद शहर में करीब 100 स्थानों पर भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। माखन, मिश्री, पंजीरी और पारंपरिक व्यंजनों से भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर जन्माष्टमी की महिमा का आनंद लिया।

मध्यरात्रि को गूंजे जयकारे

जैसे ही घड़ी ने 12 बजे का समय दर्शाया, मंदिरों और पूजा स्थलों पर भक्तों की जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। भक्तों ने “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” जैसे भजनों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत किया।

कलाकारों ने पारंपरिक सोहर गीत “जुग जुग जिए सो ललनवा, भवनवा के भाग जागल हो” की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

आकर्षक झांकियों में उमड़ा जनसैलाब

शहर के विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण, भोले शंकर और हनुमान जी महाराज की भव्य झांकियां सजाई गईं।
राज नारायण रोड स्थित जलेश्वर महादेव मंदिर में उज्जैन महाकाल की भस्म आरती की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस झांकी को देखने के लिए भक्तों का भारी जमावड़ा उमड़ा।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में भक्तों ने व्रत रखा और मध्यरात्रि को भगवान के जन्म के बाद ही जलपान किया। शाम से ही मंदिरों और पूजा स्थलों पर प्रसाद ग्रहण करने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी।

भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक जरनैल सिंह और थाना प्रभारी हुकम गिरी के नेतृत्व में पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई। मुख्य बाजार और प्राचीन मंदिरों में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं पुलिस अधिकारी खुद गश्त करते हुए नजर आए।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here