Home latest नर्सिंग महाविद्यालय भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास

नर्सिंग महाविद्यालय भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नावा सिटी | (प्रदीप कुमार डागा) नावा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में शनिवार को नर्सिंग महाविद्यालय भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर भवन की नींव में शिलापट्टिका रखकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। शिलान्यास कार्यक्रम देवज्ञ आचार्य पंडित महावीर दाधीच एवं देवज्ञ पंडित सूर्य प्रकाश गौड़ के सानिध्य में विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। नर्सिंग महाविद्यालय भवन निर्माण की इस सौगात पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नर्सिंग महाविद्यालय भवन के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। स्थानीय विद्यार्थियों को नर्सिंग शिक्षा के लिए अन्य शहरों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। इस महाविद्यालय के माध्यम से प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ तैयार होगा, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और चिकित्सा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

महाविद्यालय परिवार की ओर से राज्य मंत्री सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। प्राचार्य रामनिवास मुंड ने अपने संबोधन में कॉलेज की स्थापना से अब तक की गतिविधियों की जानकारी देते हुए महाविद्यालय की वर्तमान आवश्यकताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने राज्य मंत्री से रिक्त पदों को भरने, फैकल्टी बढ़ाने तथा खारे पानी की समस्या के समाधान सहित विभिन्न मांगें रखीं।

राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग महाविद्यालय क्षेत्र के युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगा और स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाएगा। उन्होंने महाविद्यालय परिवार द्वारा रखी गई मांगों के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि नावा क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश योगी, पालिका अध्यक्ष शायरी देवी गांधी, पालिका उपाध्यक्ष एडवोकेट आनंदीलाल कुमावत, नगर परिषद कुचामन सभापति सुरेश सिखवाल, उप प्रधान छिगनलाल कुमावत, कुचामन शहर मंडल अध्यक्ष बाबूलाल मारवाड़ा, मारोठ भाजपा मंडल अध्यक्ष चुन्नीलाल माली, नावा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष पवन शर्मा चौसला, भाजपा जिला आईटी सेल संयोजिका पूजा कुमावत, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष अल्पना अग्रवाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया, उपखंड अधिकारी दिव्या सोनी, मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी सौरभ जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजवीर सिंह, तहसीलदार रामेश्वर गढ़वाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, महाविद्यालय स्टाफ और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version