लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सहकारी समिति से बिना खाद लिए लौटे सैकड़ों किसान, सोमवार को होगा पुनः वितरण
राजसमंद | गौतम शर्मा।
कुंवारिया कस्बे की सहकारी समिति में यूरिया खाद की सूचना मिलते ही रविवार को बड़ी संख्या में किसान समिति परिसर पहुंचे, लेकिन नैनो यूरिया लिक्विड को लेकर विवाद के चलते कई किसान बिना खाद लिए ही लौट गए।
समिति में कुल 800 यूरिया खाद के कट्टे और 168 नैनो यूरिया लिक्विड उपलब्ध थे। समिति व्यवस्थापक मांगीलाल भील ने बताया कि यूरिया खाद के साथ नैनो यूरिया का वितरण भी किया जाना था, लेकिन कई किसानों ने इसका विरोध किया और लेने से साफ इनकार कर दिया। समिति अध्यक्ष विजय प्रकाश सनाढ्य और व्यवस्थापक ने किसानों को समझाने की कोशिश की, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे।
समिति के अधिकारियों ने कहा कि नैनो यूरिया सरकारी स्तर से सभी सहकारी समितियों में अनिवार्य रूप से भेजा जा रहा है और इसका वितरण जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसान अन्य जगह से ब्लैक में खाद खरीदते हैं, तो यह उनकी अपनी मर्जी है।
नैनो यूरिया को लेकर असहमति के कारण रविवार को यूरिया खाद का वितरण नहीं हो सका। समिति ने अब सोमवार को निर्धारित समय पर यूरिया खाद के साथ नैनो यूरिया का वितरण करने की योजना बनाई है। इस दौरान लक्ष्मण कीर, रोशन लाल जाट, भगवान लाल, शंकरलाल, रतन लाल, मांगीलाल, नाथूलाल, देवीलाल सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहेंगे।

















































