लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
बिना आधार कार्ड नहीं मिलेगा प्रवेश, महापौर ने लिया तैयारियों का जायजा
जोधपुर। नवरात्रि पर्व पर इस बार जोधपुरवासी नगर निगम दक्षिण द्वारा आयोजित गरबा महोत्सव में धूमधाम से शामिल हो सकेंगे। आयोजन 29 और 30 सितंबर को गांधी मैदान में निशुल्क रूप से किया जाएगा।
महापौर वनिता सेठ ने मंगलवार को मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड अनिवार्य किया गया है। केवल वही श्रद्धालु प्रवेश पा सकेंगे, जो पंजीकरण प्रक्रिया में आधार कार्ड प्रस्तुत करेंगे।
मां दुर्गा की आराधना के साथ महोत्सव परंपरागत तरीके से होगा। महिलाओं, कपल्स और बच्चों के लिए विशेष प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। आकर्षक परिधानों में सजे बच्चों और बेस्ट परफॉर्मर को पुरस्कृत किया जाएगा।
आयोजन समिति की अध्यक्ष मीनाक्षी कोठारी ने कहा कि मैदान को रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजाया जाएगा और श्रद्धालु डीजे साउंड पर गरबा खेलते नजर आएंगे।
महोत्सव में शामिल होने के लिए आधार कार्ड साथ लाना न भूलें, क्योंकि इसके बिना पंजीकरण और प्रवेश दोनों संभव नहीं होंगे।