लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोटपूतली। श्री नागाजी महाराज मंदिर की प्राचीन धार्मिक भूमि पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। मंदिर से जुड़े सेवायत सीताराम महाराज ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मंदिर की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही भूमि पर मौजूद वृक्षों की कटाई और मंदिर सेवायतों को धमकाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
इस संबंध में महंत मक्खन दास महाराज ने राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिला कलेक्टर, उपखंड अधिकारी (एसडीएम) और तहसीलदार, कोटपूतली को रजिस्ट्री के माध्यम से भेजा है।
ज्ञापन में मंदिर की भूमि की उच्च स्तरीय जांच कराने, कथित दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, अवैध कब्जा हटाने, मंदिर सेवायतों को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा जांच पूरी होने तक संबंधित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने की मांग की गई है।
मंदिर पक्ष का कहना है कि यह भूमि लंबे समय से धार्मिक उपयोग में रही है और इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले में प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
