लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
फायर ब्रिगेड ने शुरू किया काबू पाने का प्रयास
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। जिले के श्रीकरणपुर स्थित नई धानमंडी यार्ड परिसर में खाली पड़े बड़े भू-भाग में उगी झाड़ियों में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे धानमंडी में काम कर रहे व्यापारियों और मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने से झाड़ियों में तेज लपटों के साथ घना धुआं उठने लगा, जिससे आसपास काम कर रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों राजेन्द्र सिंह और मदन कम्बोज के साथ धानमंडी तौला-मजदूर यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र ईटकाण ने भी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के प्रयास किए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खाली पड़े भू-भाग में उगी सूखी झाड़ियों में अचानक आग भड़क उठी। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि तेज हवाओं के बीच किसी चिंगारी के गिरने से आग लगने की संभावना जताई जा रही है।
घटना के बाद व्यापारियों और मजदूरों ने कृषि उपज मंडी समिति प्रशासन से मांग की है कि नई धानमंडी परिसर के खाली पड़े भू-भाग में उगी झाड़ियों की नियमित साफ-सफाई और निस्तारण की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।





















































