लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
साम्भर चौराहे पर हटवाए गए भारी वाहन, हेड कांस्टेबल प्रदीप चौधरी ने दी चेतावनी
डीडवाना-नावां (रिपोर्टर: मनीष पारीक)। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत नावां पुलिस ने बुधवार को सख्त कार्रवाई करते हुए साम्भर चौराहे पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को हटवाया।
हेड कांस्टेबल प्रदीप चौधरी ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर होटल, ढाबों और पंचर की दुकानों के सामने खड़े ट्रक, ट्रोले, डंपर, जेसीबी और क्रेन को हटवाया और वाहन चालकों को चेतावनी दी कि वाहन सड़क से कम से कम 15 फीट दूर खड़े करें, ताकि यातायात में बाधा न हो और हादसों से बचा जा सके।
उन्होंने कहा —
“सड़क किनारे वाहन खड़ा करना दुर्घटना के खतरे को कई गुना बढ़ा देता है, इसलिए हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह नियमों का पालन करे।”
पुलिस ने दुकानदारों और चालकों को आगाह किया कि यदि वे नियमों की अनदेखी करेंगे तो चालान या वाहन जब्त किए जाएंगे।
हालांकि, पुलिस टीम के जाते ही कुछ देर बाद फिर कई वाहनों ने चौराहे पर कब्जा जमा लिया — जिससे साफ है कि लोगों में जागरूकता और जिम्मेदारी की कमी अब भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन नियमित निगरानी रखे और कार्रवाई जारी रखे, तो क्षेत्र में सड़क हादसों पर लगाम लगाई जा सकती है।















































