लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया में अनियमितताओं का लगाया आरोप
नावा सिटी। नावा नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को विधानसभा नावा क्षेत्र में चल रही मतदाता पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर महेन्द्र खड़गावत के नाम एक विस्तृत ज्ञापन उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को सौंपा गया। कांग्रेस कमेटी ने मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत 12 दिसम्बर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया तथा 12 दिसम्बर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि निर्धारित थी। कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि इस दौरान निर्वाचन आयोग के नियमों और इलेक्ट्रोल मैन्युअल 2023 के पैरा 11.3.2 (2) के स्पष्ट प्रावधानों का उल्लंघन किया गया।
कांग्रेस का आरोप है कि एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं द्वारा एसडीएम कार्यालय में एक ही दिन में सैकड़ों से लेकर हजारों की संख्या में फॉर्म 6 एवं फॉर्म 7 बल्क में जमा किए गए। जबकि नियमों के अनुसार ब्लक आवेदन स्वीकार नहीं किए जा सकते, एक मतदाता केवल एक ही फॉर्म प्रस्तुत कर सकता है और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए प्रतिदिन अधिकतम 10 आवेदन ही जमा कर सकते हैं। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर बड़ी संख्या में आवेदन स्वीकार किया जाना निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
ज्ञापन में मांग की गई कि नियमों के विरुद्ध जमा किए गए फॉर्म 6, 7 एवं 8 पर किसी भी प्रकार का संज्ञान न लिया जाए तथा ऐसे सभी आवेदनों की संकलित सूची नियमानुसार कांग्रेस पार्टी को उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन कर आवेदन प्रस्तुत करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू करने की भी मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी से इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष बाबूलाल बजाज, नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष अवदेश पारीक, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष शौकत खान तथा पार्षद प्रतिनिधि सतीश परेवा सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



















































