लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गर्मी में मिलेगी बेहतर पेयजल सुविधा
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए न्यायालय परिसर में स्थित पुराने प्याऊ के पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार का कार्य तेज गति से जारी है। यह कार्य लायंस क्लब के माध्यम से करवाया जा रहा है, जो वर्षों से इस प्याऊ का संचालन करता आ रहा है।
वर्तमान जरूरतों को देखते हुए प्याऊ का संपूर्ण उन्नयन किया जा रहा है, जिसमें साफ-सफाई के साथ आधुनिक सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं। कार्य के तहत दीवारों पर टाइल्स लगाई जा रही हैं, फर्श का पुनर्निर्माण, हौद की मरम्मत, पानी की टंकियों की सफाई तथा पानी और बिजली की फिटिंग को पूरी तरह नया किया जा रहा है।
इसके अलावा यहां ठंडे पानी की नई मशीन (वाटर कूलर) भी लगाई जाएगी और प्याऊ के अंदर व बाहर दोनों जगह पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आमजन, अधिवक्ता और न्यायालय में आने वाले पक्षकारों को आसानी से शीतल व स्वच्छ पानी मिल सके।
इस कार्य की पहल जिला अधिवक्ता संघ नागौर के अध्यक्ष डॉ. पवन श्रीमाली द्वारा लिखित निवेदन के बाद की गई। इसके बाद जेठमल गहलोत ने तत्परता दिखाते हुए लायंस क्लब के जरिए काम शुरू करवाया, जबकि राकेश गहलोत इसकी निगरानी कर रहे हैं।
अधिवक्ता संघ ने इस जनहितकारी पहल के लिए लायंस क्लब और जुड़े सभी लोगों का आभार जताया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही कार्य पूरा होने पर न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
