लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
(रिपोर्ट: प्रदीप कुमार डागा, नागौर)
नागौर। नागौर में RPSC की SI भर्ती परीक्षा शुरू होने से पहले ही अव्यवस्था देखने को मिली। शहर के कांकरिया स्कूल परीक्षा केंद्र पर मोबाइल और वाहनों की एंट्री को लेकर पुलिस और स्कूल स्टाफ के बीच तीखा विवाद हो गया।
नियमों को लेकर टकराव
पुलिस प्रशासन परीक्षा गाइडलाइन के अनुसार सख्ती बरत रहा था, जबकि स्कूल स्टाफ लिखित आदेश दिखाने की मांग पर अड़ा रहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस तेज हो गई।
20 मिनट रुकी रही अभ्यर्थियों की एंट्री
विवाद के चलते परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की एंट्री करीब 20 मिनट तक रोक दी गई, जिससे परीक्षार्थियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
एक घंटे तक चला हंगामा
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि करीब एक घंटे तक पुलिस और स्टाफ के बीच बहस चलती रही। कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान और साइबर थाना प्रभारी धरम पुनिया की समझाइश के बावजूद स्टाफ अपनी मांग पर अड़ा रहा।
बाद में शुरू हुई एंट्री
आखिरकार समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई और अभ्यर्थियों की एंट्री शुरू की गई। इस दौरान केंद्र पर तनाव का माहौल बना रहा।




















































