लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नेहरू पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर में सर्व हिंदू समाज की ओर से दिल्ली में होली के दिन युवक तरुण खटीक की हत्या के विरोध में नेहरू पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा के बाद लोगों ने प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए ओमकार सनातन वेद गुरुकुल आश्रम के महंत लक्ष्मी नारायण दास महाराज ने समाज में एकजुटता की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय हैं और लोगों को संगठित होकर ऐसी घटनाओं का विरोध करना चाहिए।
विश्व हिंदू परिषद के पुखराज सांखला ने कहा कि समाज को देश और धर्म के लिए एकजुट होकर खड़ा होना होगा, ताकि इस तरह की घटनाओं का मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके। बजरंग दल के देवेंद्र टाक ने भी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार से ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष रामेश्वर सारस्वत ने भी सभा को संबोधित किया। वहीं खटीक समाज विकास सेवा समिति नागौर के अध्यक्ष ओमप्रकाश नागोरा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता को झकझोर देने वाली घटना बताया।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें
सभा के बाद सर्व समाज के लोगों ने ज्ञापन सौंपते हुए निम्न मांगें रखीं—
-
हत्या के सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी सजा दिलाई जाए।
-
पीड़ित परिवार को कम से कम 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
-
परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।

इस दौरान प्रहलाद नागोरा, महावीर सांखला, किशन नागोरा, बबलू खीची, हीरालाल, राधेश्याम टोगसिया, रामनिवास झाड़वाल, रामदेव छाबा, गोविंद टाक, हरिराम नागौरा सहित बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग जोर पकड़ती नजर आई।

















































