लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एचवीपी टीकाकरण अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अजमेर से की। नागौर जिले में इस अभियान के तहत सात सरकारी चिकित्सा संस्थानों में टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए।
पहला टीका खींवसर के राजकीय जिला अस्पताल में 14 वर्षीय बालिका दीपिका कँवर को लगाया गया। अन्य केंद्रों में पंडित जवाहरलाल नेहरू अस्पताल (एमसीएच विंग), राजकीय उप जिला अस्पताल जायल, राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंडवा, बासनी, पांचला सिद्धा और पांचोड़ी शामिल हैं।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ महेश वर्मा ने बताया कि जिले में 7,700 टीके उपलब्ध हैं। यह अभियान आगामी 90 दिनों तक चलेगा और 14-15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को मुफ्त और स्वैच्छिक टीकाकरण उपलब्ध कराया जाएगा। टीके सरकारी स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लगाए जाएंगे, और सभी केंद्र 24 घंटे सक्रिय रहेंगे ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव सोनी, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राकेश सिरोही, एपिडेमोलॉजिस्ट साकिर खान, एफसीएलओ सादिक त्यागी और जिला कार्यक्रम समन्वयक हेमंत उज्जवल भी मौजूद रहे।


















































