लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)
उपखंड क्षेत्र के सूंथड़ा स्थित सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र में श्रद्धालुओं द्वारा अखिल भारतवर्षीय वीतराग जिनशासन प्रभावना संगठन की स्थापना की गई। संगठन के अध्यक्ष डॉ. हरिश्चंद्र शास्त्री और कार्यालय मंत्री संभव जैन ने बताया कि संगठन के पदाधिकारियों ने अशोकनगर (मध्यप्रदेश) में परम पूज्य मुनिपुंगव श्री सुधासागर जी महाराज के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
संगठन की रूपरेखा और उद्देश्य
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष प्रिंस शास्त्री देवांश सहित अन्य सदस्यों ने पूज्य मुनिपुंगव श्री से संगठन के उद्देश्यों पर चर्चा की। उन्होंने तीर्थों और जिनालयों की सुरक्षा, सेवा एवं संवर्धन हेतु संगठन की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान प्रिंस शास्त्री देवांश (फिरोजाबाद) ने ‘जिज्ञासा समाधान’ कार्यक्रम में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया।
श्रद्धालुओं को मिला प्रेरणादायक संदेश
ऋषभ शास्त्री आकाश (फिरोजाबाद) और गजेंद्र शास्त्री (छतरपुर) ने बताया कि संगठन के सदस्यों ने ‘जिज्ञासा समाधान’ कार्यक्रम में अपनी जिज्ञासाएँ रखीं।
पूज्य मुनिपुंगव श्री सुधासागर जी महाराज ने उनके प्रश्नों का समाधान करते हुए हजारों श्रद्धालुओं के समक्ष संगठन को भविष्य के लिए मंगल आशीष प्रदान किया।









































