लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल, ट्रांसपोर्ट वाउचर और अन्य सौगातें
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर जयपुर कॉमर्स कॉलेज में आयोजित सरस्वती वंदन, युवा संवाद और मेगा अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे विद्यार्थियों को कई सौगातें प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की जाएगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को ट्रांसपोर्ट वाउचर सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। राज्यभर के राजकीय विद्यालयों में लाखों विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक सरस्वती वंदना की जाएगी।
मेगा पीटीएम कार्यक्रम अभिभावकों और शिक्षकों के लिए एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपने बच्चों के शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं के कल्याण और रोजगार के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में 1 लाख भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया है, वहीं अब तक 1 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। इसके अतिरिक्त युवा नीति-2026, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और रोजगार नीति-2026 भी लागू की गई हैं।











































