लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को नींदड़ में आयोजित जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के जन्मदिवस कार्यक्रम में सपत्नीक शामिल हुए। उन्होंने जगद्गुरु को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी और आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा, “राम हमारे रोम-रोम में बसते हैं। जयपुर में श्रीराम कथा का आयोजन हम सबके जीवन का पुनीत संयोग है। इससे राम नाम की महक चारों ओर फैली हुई है, और हनुमान चालीसा के पवित्र स्वर तथा वेद मंत्रों की गूंज हर जगह सुनाई पड़ती है।”
उन्होंने जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी को युग के महान विद्वान, तपस्वी और रामभक्त बताते हुए कहा कि उन्होंने देश-दुनिया में हमारी संस्कृति को मजबूत किया और ज्ञान की ज्योति जगाई। उन्होंने कहा कि जगद्गुरु ने भगवान श्रीराम के नाम को हर घर, गांव और शहर तक पहुँचाने का प्रण लिया है। चित्रकूट की पावन भूमि से लेकर देश-दुनिया तक वे श्रीराम कथा के माध्यम से राम नाम की अमृत वर्षा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जगद्गुरु द्वारा तुलसी पीठ की स्थापना और रामायण एवं हिंदी साहित्य की सेवा को सराहा। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम मर्यादा, सत्य और धर्म के साक्षात स्वरूप हैं और उनका चरित्र मानवता के लिए सर्वोच्च आदर्श है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रामानंद मिशन की ओर से दिव्यांग छात्र-छात्राओं को सहायक उपकरण वितरित किए। साथ ही, युवाओं को सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए हेलमेट सौंपे और स्वच्छताकर्मियों का सम्मान भी किया। इस दौरान उन्होंने साध्वी ऋतंभरा का श्रीफल और दुपट्टा भेंट कर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, सांसद मदन राठौड़, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक निंबाराम, सहित बड़ी संख्या में साधु-संत और आमजन उपस्थित रहे।















































