लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर के जवाहर कला केन्द्र में ‘नमो प्रदर्शनी’ का फीता काटकर उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी प्रधानमंत्री के जीवन वृतांत, उनके अहम निर्णयों तथा नवाचारों पर आधारित है।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री द्वारा प्रारंभ की गई विभिन्न योजनाओं और अभियानों की स्टॉल्स प्रस्तुत की गईं, जिनमें मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, वोकल फॉर लोकल, आत्मनिर्भर भारत सहित अनेक कार्यक्रम शामिल रहे। इसके अलावा, ऑपरेशन सिंदूर तथा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक निर्णयों पर भी विशेष स्टॉल्स प्रदर्शित की गईं। प्रदर्शनी में एक चित्रकार द्वारा मुख्यमंत्री का चित्र भी बनाया गया।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए पूर्व सैनिकों, युवा उद्यमियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। साथ ही, ‘मोदी स्टोरी’ श्रृंखला के अंतर्गत विभिन्न जनप्रतिनिधियों के प्रधानमंत्री के साथ प्रेरणादायी अनुभवों पर आधारित शॉर्टफिल्म का प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित रहे। 
यह प्रदर्शनी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की प्रगति, नवाचार और आत्मनिर्भरता के प्रयासों को आमजन तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है।

















































