लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
डीग/जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को डीग जिले के पूंछरी स्थित श्रीनाथ जी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने मुकुट-मुखारविंद मंदिर की तलहटी पर दुग्ध एवं जलाभिषेक कर गिरिराज जी की आरती की और प्रदेशवासियों की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में श्री जड़खोर गौशाला में गो-सेवा का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि गिरिराज विकास परियोजना प्रगति पर है। ब्रज चौरासी कोस एवं गिरिराज जी परिक्रमा मार्ग सहित सभी धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए योजनाबद्ध सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे निकट भविष्य में परिक्रमा मार्ग और भी आकर्षक एवं सुविधाजनक होगा।
इस अवसर पर राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत और विधायक डॉ. शैलेष सिंह भी उपस्थित रहे।