लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
10 दिसम्बर को जेईसीसी जयपुर में होगा भव्य आयोजन, बड़ी संख्या में प्रवासी हो रहे शामिल
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आगामी 10 दिसम्बर को जयपुर के जेईसीसी में आयोजित होने वाला प्रवासी राजस्थानी दिवस राज्य और प्रवासी समुदाय के बीच मजबूत संबंधों को नई दिशा देगा। यह आयोजन प्रवासी राजस्थानियों के साथ निवेश, नवाचार और विकास के क्षेत्रों में सहयोग का सशक्त मंच बनेगा।
मुख्यमंत्री बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रवासी राजस्थानी दिवस की तैयारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।

राजस्थान निवेश के नए केन्द्र के रूप में उभर रहा है
शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों के चलते राजस्थान देश में निवेश का नया केन्द्र बन रहा है।
उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान समिट के तहत अब तक 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करते हुए उद्यमियों को हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।
राजस्थान की सांस्कृतिक झलक और आधुनिक विकास साथ दिखें
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की विशिष्ट भौगोलिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान है।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रवासी राजस्थानी दिवस में राजस्थान की समृद्ध विरासत और बदलते स्वरूप की झलक एक साथ दिखाई दे।
इसके साथ ही लोककला आधारित सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।

आयोजन की सफलता के लिए समन्वय पर जोर
शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों में कई जनकल्याणकारी योजनाएँ और नवाचार किए हैं।
उन्होंने निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान इन उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि निवेशक राज्य में निवेश के लिए प्रेरित हों।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आयोजन की तैयारियों की नियमित समीक्षा बैठकें करें और जयपुर में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं सड़क मरम्मत कार्यों पर विशेष ध्यान दें।

विभिन्न सेक्टोरल सत्र और प्रवासी राजस्थानियों का सम्मान
मुख्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और जल प्रबंधन जैसे विषयों पर सेक्टोरल सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान प्रवासी राजस्थानियों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने प्रवासी राजस्थानी सम्मान अवार्ड, सेक्टोरल सेशन और प्रचार-प्रसार की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने प्रवासियों के आगमन, स्वागत और ठहरने की व्यवस्थाओं पर भी संतोष व्यक्त किया।

बड़ी संख्या में प्रवासी हो रहे पंजीकृत
अधिकारियों ने बताया कि आयोजन को लेकर प्रवासी राजस्थानियों में अत्यधिक उत्साह है।
पंजीकरण शुरू होने के बाद से ही बड़ी संख्या में प्रवासी अपना रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान विशेष एनआरआर ओपन हाउस में प्रवासी राजस्थानियों को राज्य में निवेश और अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

















































