लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | भजनलाल शर्मा ने त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रदेश में विशेष साफ-सफाई और सजावट के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने देवस्थान विभाग को दीपावली के अवसर पर मंदिरों में विशेष सजावट और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने को कहा है। साथ ही, राजस्थान स्कूल शिक्षा विभाग को सभी राजकीय विद्यालयों में रंग-रोगन और सघन सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
मंदिरों में मनाई जाएगी ‘पंचपर्व दीपावली’
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार देवस्थान विभाग द्वारा ‘पंचपर्व दीपावली’ का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस दौरान:
-
मंदिर परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
-
दीपों और विद्युत सजावट से मंदिरों को सजाया जाएगा।
-
श्रद्धालुओं की सहभागिता से सामूहिक दीप प्रज्वलन किया जाएगा — ‘एक दीप सबके लिए’ का संदेश दिया जाएगा।
-
रंगोली, महाआरती, भक्ति संध्या, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और महाभोग वितरण कार्यक्रम होंगे।
सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी और सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों को पुरानी लाइटों के स्थान पर 2 लाख नई स्ट्रीट लाइटें लगाने के निर्देश दिए। इनसे सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर रोशनी सुनिश्चित होगी और अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी।
विद्यालयों में रंग-रोगन और मरम्मत
मुख्यमंत्री ने सभी राजकीय विद्यालयों में दीपावली से पहले रंग-रोगन और सघन सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
-
65 हजार विद्यालयों में मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य जारी।
-
15 हजार सीनियर सेकेंडरी स्कूल बॉयज फंड से रिपेयर हो रहे हैं।
-
1500 विद्यालय स्टेट फंड से सुधारे जा रहे हैं।
-
4000 अतिवृष्टि प्रभावित स्कूलों को 2 लाख रुपये प्रति स्कूल की स्वीकृति।
-
16 हजार अतिरिक्त स्कूलों को भी स्वीकृति प्रक्रिया में।
-
23 हजार प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों को 25 हजार रुपये प्रति स्कूल राज्य वित्त आयोग निधि से सहायता दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से त्योहारी सीजन में साफ-सफाई, रोशनी और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा है, ताकि प्रदेश में दीपावली पर्व उत्साह और सुरक्षा के साथ मनाया जा सके।











































