लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सेवा भावना से प्रेरित शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुशासन पहुँचाने का माध्यम
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस सेवा पखवाड़े के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को धरातल पर उतारने का प्रयास है। इन शिविरों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुशासन की योजनाएँ पहुँचाई जाएंगी।
यह बात मुख्यमंत्री शर्मा ने बुधवार को बस्सी की ग्राम पंचायत टोडाभाटा के बिराजपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के शुभारंभ समारोह में कही। उन्होंने प्रधानमंत्री को प्रदेश के 8 करोड़ नागरिकों की तरफ से जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मूलमंत्र देश की सेवा का मार्गदर्शक है। इसी भावना से प्रेरित होकर ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री का संकल्प – अंतिम व्यक्ति का उत्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। जन धन योजना के तहत 55 करोड़ से अधिक खाते खुल चुके हैं, जिनके माध्यम से सब्सिडी सीधे लाभार्थियों तक पहुँची है। ‘हर घर शौचालय’ योजना ने स्वच्छता के साथ महिलाओं को सम्मान दिया है। ‘उज्ज्वला योजना’ से करोड़ों माताओं-बहनों को चूल्हे के धुएँ से मुक्ति मिली है। ‘आयुष्मान भारत’, ‘प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना’ और ‘प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना’ से लाखों परिवारों को स्वास्थ्य व बीमा सुरक्षा मिली है।
ग्रामीण सेवा शिविर – योजनाओं का लाभ आमजन तक
मुख्यमंत्री ने बताया कि शिविरों के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याण योजनाएँ हर जरूरतमंद तक पहुँचाई जाएंगी। इनमें प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएँ, टीबी मुक्त भारत अभियान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, पालनहार योजना, मुख्यमंत्री घुमंतू आवास योजना, किसान बीज मिनीकिट वितरण आदि शामिल हैं। साथ ही लंबित प्रकरणों का निस्तारण, पीएमजेएवाई कार्ड वितरण, आधार सीडिंग और एनएफएसए से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।
राजस्व मामलों का निस्तारण और स्वामित्व पट्टे
शिविर में नामांतकरण, सहमति विभाजन, रास्ते खोलने जैसे कार्य आसानी से किए जाएंगे। स्वामित्व योजना के तहत पट्टे बनाए और वितरित किए जाएंगे। गिरदावरी ऐप से गिरदावरी कराई जाएगी। साथ ही क्षतिग्रस्त स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, छात्रावासों और सड़कों के सुधार के कार्य भी किए जाएंगे। स्थानीय विधायक और सांसद क्षेत्रीय विकास कार्यों को गति देंगे।
गरीब, महिला और किसानों का हो रहा उत्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों की महिलाओं को 450 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। पेंशन राशि को 1250 रुपये प्रतिमाह तक बढ़ाया गया है। किसान सम्मान निधि में सहायता राशि 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये की गई है और गेहूँ पर बोनस भी बढ़ाया गया है। सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत एक लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त अल्पकालीन ऋण दिया जा रहा है। लखपति दीदी योजना के अंतर्गत 14 लाख से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बालिकाओं के जन्म पर डेढ़ लाख रुपये का संकल्प-पत्र प्रदान किया जाता है।
शिविर में विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित
शिविर के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नामांतकरण, सहमति विभाजन, आवासीय पट्टा, बीज मिनीकिट वितरण, पीएम सूर्यघर योजना की सब्सिडी, मातृ वंदना योजना की सहायता राशि, जीवन ज्योति बीमा योजना के चेक, मंगला पशु बीमा योजना के बॉन्ड, कन्यादान योजना की सहायता राशि और खाद्य सुरक्षा योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ और ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर विधायक महेन्द्रपाल मीना, रामावतार बैरवा सहित अनेक जनप्रतिनिधि व ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










































