लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजस्थान में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह:
जयपुर। राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह इस शनिवार डूंगरपुर में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समारोह में शामिल होकर जनजातीय समुदायों के विकास एवं कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करेंगे।
87 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ
मुख्यमंत्री शर्मा समारोह में
-
62 करोड़ रुपये की लागत वाले 31 नए कार्यों का शिलान्यास,
-
तथा 25 करोड़ रुपये के 31 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
इसके साथ ही वे किसानों और जनजातीय छात्र-छात्राओं के लिए 204 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से जारी करेंगे।
कौशल प्रशिक्षण एवं शिक्षा को बढ़ावा
मुख्यमंत्री जयपुर स्थित सिपेट में 20 जनजाति युवाओं के लिए असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर इंजेक्शन एक्सट्रूजन का निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रारंभ करेंगे।
इसके अलावा, आरकेसीएल द्वारा उदयपुर, डूंगरपुर व बांसवाड़ा में आरएस-सीआईटी कोर्स हेतु 3 प्रशिक्षण ज्ञान केंद्रों का शुभारंभ भी किया जाएगा।
जनजाति भवन, जयपुर में आईआईटी-जेईई, नीट व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु 60 छात्राओं के आवासीय बैच की शुरुआत भी इसी समारोह से होगी।
छात्रों व किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री कार्यक्रम में
-
12 हजार जनजाति छात्र-छात्राओं को 4 करोड़ 8 लाख रुपये,
-
वहीं रबी 2025-26 के लिए 50 हजार जनजातीय किसानों को मुफ्त हाइब्रिड सब्जी बीज मिनिकिट और जैविक इनपुट वितरित करेंगे।
कृषि एवं उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को 200 करोड़ रुपये की अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी। इसमें फार्म पॉन्ड, डिग्गी, पाइपलाइन, तारबंदी, कृषि यंत्र, उर्वरक योजना, वर्मी कम्पोस्ट, ड्रिप व मिनी स्प्रिंकलर, प्याज भंडारण कक्ष और सौर पंप संयंत्र जैसी योजनाएं शामिल हैं।
साथ ही, पीएम-कुसुम-बी कम्पोनेंट के तहत 2 हजार सौर ऊर्जा संयंत्रों की प्रशासनिक स्वीकृतियां भी जारी की जाएंगी।
प्रधानमंत्री मोदी से वर्चुअल जुड़ेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के नर्मदा जिले में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री मोदी इस आयोजन में 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा सम्मान
समारोह में शिक्षा, उन्नत कृषि, कला-संस्कृति, महिला उद्यमिता और खेल जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त करने वाले व्यक्तियों को ‘जनजातीय गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
















































