लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
— ‘वोकल फॉर लोकल’ का दिया संदेश
जयपुर — दीपावली की पूर्व संध्या पर भजनलाल शर्मा ने रविवार को सपरिवार मानसरोवर के किरण पथ स्थित बड़े बाजार में पहुंचकर स्थानीय दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स से खरीदारी की। इस मौके पर उन्होंने मिट्टी के दीये, पूजन सामग्री, रंगोली, बंदनवार और फल खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का सशक्त संदेश दिया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों में कमी कर आमजन को राहत दी है, जिससे त्योहारों पर खरीदारी में उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर न केवल छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी योगदान होगा।
डिजिटल इंडिया को भी दिया बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने स्ट्रीट वेंडर्स से आत्मीय बातचीत की और भुगतान UPI के माध्यम से कर डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने का भी संदेश दिया। इस दौरान बाजार में मौजूद व्यापारिक संगठनों और आमजन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
शर्मा ने कहा —
“हमें त्योहारों पर स्थानीय दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स से खरीदारी कर उनके घरों में भी दीपावली की रोशनी पहुंचानी चाहिए। जब हम अपने देश में बने उत्पाद खरीदते हैं, तो यह अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ छोटे व्यापारियों को सशक्त बनाता है।”
इस पहल को लेकर स्थानीय व्यापारियों में उत्साह देखने को मिला और बाजार में रौनक और बढ़ गई।












































