लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर कोटा, जोधपुर और जयपुर संभाग के भाजपा जिला एवं मंडल अध्यक्षों सहित कार्यकर्ताओं के साथ संगठन और सरकार से संबंधित विषयों पर बैठक की। बैठक की शुरुआत उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्त्ता की निष्ठा ही संगठन की ताकत है। कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच कड़ी बनकर योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने युवाओं को संगठन में जोड़ने और जिम्मेदारियां देने पर भी जोर दिया।
उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का हवाला देते हुए कहा कि केवल दो साल में कांग्रेस की पिछली सरकार की तुलना में कई गुना काम किए गए हैं। यमुना जल समझौता, रामजल सेतु लिंक परियोजना और गंगनहर सुदृढ़ीकरण जैसी योजनाओं से प्रदेश में पानी की समृद्ध उपलब्धता सुनिश्चित की गई। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इंवेस्टमेंट समिट के तहत 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए गए, जिनमें से 7 लाख करोड़ रुपये धरातल पर उतर चुके हैं। अब तक लगभग 92 हजार युवाओं को नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार करने और आगामी पंचायतीराज एवं निकाय चुनावों की तैयारी करने के निर्देश दिए।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदान राठौड़ ने कहा कि बीएलए की नियुक्तियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को बीएलओ और मतदाताओं के साथ समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में दो साल में विकास कार्यों के नए आयाम स्थापित करने की सराहना की और प्रदेश में युवाओं को नौकरियों की उपलब्धता पर जोर दिया।