लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को कांस्टीट्यूशन क्लब में सहकार सदस्यता अभियान का शुभारम्भ किया। यह अभियान 2 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा और इसमें विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को सहकारी समितियों से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश सहकारिता के माध्यम से समृद्धि की नई कहानी लिख रहा है। राजस्थान सरकार ने सहकारी समितियों की संख्या में 10 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा है। लगभग 8,300 पैक्स स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे और पैक्स विहीन 2,158 ग्राम पंचायतों में नई सहकारी समितियों का गठन किया जाएगा।
सहकारिता से ग्रामीण और किसान सशक्त
मुख्यमंत्री ने बताया कि सहकारिता के माध्यम से प्रदेश के किसानों और मध्यम वर्ग के लोगों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक:
-
77 लाख से अधिक किसानों को 42,765 करोड़ रुपये का अल्पकालीन ब्याज मुक्त फसली ऋण
-
2,48,000 नए कृषकों को 433 करोड़ रुपये का फसली ऋण
-
30,000 से अधिक लाभार्थियों को 260 करोड़ रुपये का आजीविका ऋण
वितरित किया है।
साथ ही अन्न भंडारण योजना के तहत गोदाम, प्रसंस्करण यूनिट और कस्टम हायरिंग केंद्र शुरू किए गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह का योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सहकारिता मंत्रालय को देश के विकास का महत्वपूर्ण स्तंभ बनाया है। वहीं, केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ‘सहकार से समृद्धि’ के मंत्र को धरातल पर उतारने के लिए कई पहलें की हैं।
डेयरी, पशुपालन और ऋण योजनाएं
-
गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना से डेयरी किसानों को 1 लाख रुपये तक अल्पकालीन ब्याज मुक्त ऋण
-
मोबाइल वेटरनरी यूनिट्स संचालित
-
पेयजल और सिंचाई के लिए राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना
-
डेयरी क्षेत्र में 700 करोड़ रुपये से अधिक की बजट सौगातें

प्रमाण पत्र और लाभांश वितरण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दौसा, चित्तौड़गढ़ और कोटा की ग्राम सेवा सहकारी समितियों को प्रमाण पत्र और भूमि आवंटन पत्र सौंपे। सहकारिता विभाग की ओर से मुख्यमंत्री को एपेक्स बैंक 1.28 करोड़ रुपये और कॉनफेड 21.73 लाख रुपये की लाभांश राशि के प्रतीकात्मक चेक सौंपे गए।
कार्यक्रम में प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल, आरसीडीएफ एमडी श्रुति भारद्वाज और बड़ी संख्या में सहकारिता सदस्य उपस्थित रहे।


















































