लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित
जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को शासन सचिवालय परिसर स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का निरीक्षण किया और आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जोधपुर जिले के ग्राम सुराणी निवासी छगनलाल ने विद्युत वोल्टेज की समस्या का उल्लेख किया, जिस पर जिला प्रशासन ने ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी। करौली जिले के ग्राम बरदाला के नवल किशोर शर्मा की हैंडपंप की शिकायत पर भी तुरंत कार्रवाई कर हैंडपंप दुरुस्त किया गया। वहीं, भीलवाड़ा जिले के ग्राम बाराखेड़ा निवासी विष्णु के ग्रामीण रोजगार और आजीविका मिशन में लंबित भुगतान संबंधी परिवाद को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन में दर्ज प्रत्येक शिकायत का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को संतुष्टि और राहत मिले। उन्होंने इसे राज्य सरकार और नागरिकों के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बताया।











































