लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रक्तदान शिविर का किया अवलोकन
गायों की सेवा हमारी संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग – मुख्यमंत्री
जयपुर । राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को जयपुर स्थित पिंजरापोल गौशाला पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने सपत्नीक गौमाता की पूजा-अर्चना की तथा गुड़ एवं चारा खिलाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हवन में आहुति भी दी।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि गोसेवा हमारी सनातन संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। राज्य सरकार गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौशाला परिसर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। उन्होंने आमजन से रक्तदान के लिए आगे आने और इस प्रकार के सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के दो वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित रहा है। सरकार पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गोपालन विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘डेयरी के स्वर्णिम दो वर्ष’ का विमोचन भी किया। गौशाला परिसर में उपस्थित आमजन ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान पशुपालन एवं गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री ए. राठौड़, शासन सचिव गोपालन डॉ. समित शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।