लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
दौसा/जयपुर । प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धनतेरस के पावन पर्व पर शनिवार को दौसा जिले के प्रसिद्ध मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं आरोग्यमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर मंदिर के महंत डॉ. नरेश पुरी महाराज ने मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना कराई।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर प्रदेशवासियों को पंच पर्व दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “स्वदेश में निर्मित उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग करने से स्थानीय कामगारों, दुकानदारों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा। वोकल फॉर लोकल के तहत आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हम मजबूती से आगे बढ़ेंगे।”
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों में कमी कर आमजन को बड़ी राहत दी है। रोटी, कपड़ा और मकान सस्ता होने से इस दीपावली पर आमजन को खुशियों की सौगात मिली है।
इस अवसर पर विधायक रामबिलास, विक्रम बंशीवाल, भागचंद टांकड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।














































