लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रामदेव जयंती एवं तेजा दशमी (2 सितम्बर) के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा रामदेवजी और वीर तेजाजी ने अपना जीवन लोककल्याण के लिए समर्पित किया। उन्होंने समाज में व्याप्त जाति प्रथा, छुआछूत जैसी कुरीतियों और ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त कर मानव कल्याण को सर्वोपरि माना।
उन्होंने कहा कि वीर तेजाजी ने गौ-रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका बलिदान हमें पशु-पक्षियों की रक्षा और संवेदनशीलता की प्रेरणा देता है।
शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार लोकदेवताओं एवं संतों से जुड़े धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार कर रही है तथा उन्हें धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इससे नई पीढ़ी एवं प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को लोकदेवताओं के जीवन एवं उनके कार्यों को जानने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे बाबा रामदेवजी और वीर तेजाजी की शिक्षाओं एवं आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता स्थापित करने में अपना योगदान दें, ताकि राजस्थान प्रगति के नए शिखरों को छू सके।














































