- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
मुख्यमंत्री शर्मा का ऐतिहासिक स्वागत करने के लिए यूडीएच मंत्री खर्रा, प्रदेश महामंत्री बगड़ी व विधायक धनकड़ सहित वरिष्ठ नेताओं ने दिया जोर
योगेश ऋषिका
सीकर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 19 अप्रेल शनिवार को सीकर दौरे की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में स्वागत को लेकर तैयारी बैठक बुधवार को हुई। जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, विधायक व प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप धनकड़ सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में वरिष्ठ नेतृत्व ने मुख्यमंत्री शर्मा का अभूतपूर्व स्वागत करने पर जोर दिया।
जिला मीडिया संयोजक जितेंद्र माथुर ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं ने माँ भारती व पार्टी के संस्थापकों के समक्ष दीप प्रज्वलन कर बैठक प्रारंभ की। कार्यकर्ताओं ने यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, विधायक व प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप धनकड़ का पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर ही जिले के पानी की समस्या को लेकर हरियाणा सरकार से यमूना जल समझौता होने के बाद समाधान होने वाला है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सीकर आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत कार्यकर्ताओं की ओर से होना चाहिए। कहा कि जल्द ही यमूना जल समझौते में योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से होने वाला है।
प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि शेखावाटी के लोगों को यमूना का पानी जल्द मिले इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हरियाणा और राजस्थान सरकार के अधिकारियों की बैठक लेने के लिए हरियाणा जाएंगे। वे सीकर होते हुए हरियाणा जाएंगे। ऐसे में सीकर के जनप्रतिनिधि, आमजन, पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सीकर आने पर ऐतिहासिक स्वागत करने का फैसला लिया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सीकर दौरे का लेकर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर से लेकर फतेहपुर तक कार से यात्रा करेंगे। वह रात्रि विश्राम भी जिले के फतेहपुर में करेंगे। यहां से वे हरियाणा के लिए प्रस्थान करेंगे। कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा जयपुर से चौमूं होते हुए जिले की सीमा सरगोठ सुबह 11 बजे पहुंचेंगे। यहां पर श्रीमाधोपुर विधानसभा के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। यहां के बाद मुख्यमंत्री शर्मा का सुबह 11.45 बजे रींगस में खंडेला विधानसभा के कार्यकर्ता, दोपहर 12.50 बजे पलसाना में दांतारामगढ़ विधानसभा के कार्यकर्ता, 1.20 बजे बाजौर में नीमकाथाना विधानसभा के कार्यकर्ता और दोपहर 2 बजे रामू का बास में सीकर विधानसभा के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर 2.30 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां वे आमजन की जनसुनवाई करेंगे। जिले के सरकारी अधिकारियों की बैठक लेकर सरकारी योजनाओं के संचालन की जानकारी लेंगे। यहां से वे सायं 4 बजे धोद चौराहा पहुंचेंगे। यहां पर धोद विधानसभा के कार्यकर्ता, 4.30 बजे लक्ष्मणगढ़ में यहां की विधानसभा के कार्यकर्ता एवं 5.30 बजे फतेहपुर पहुंचने पर यहां की विधानसभा के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के स्वागत कार्यक्रम में गर्मी को देखते हुए शीतल पेय उपलब्ध करवाना है। कहा कि मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जो भी जिम्मेदारी मिले उसे निभाते हुए ऐतिहासिक स्वागत करना है।
विधायक व प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप धनकड़ ने कहा कि यमुना जल समझौता होने के बाद पहली बार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सीकर जिले के दौरे पर रहेंगे। ऐसे मुख्यमंत्री के स्वागत को ऐतिहासिक बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। कहा कि रास्ते में होॄडग, सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी आमजन को देनी है। कहा कि प्रत्येक विधानसभा से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचने चाहिए। कहा कि झुंझुनूं में कई नेता तो पानी के झूंठे वादे करके सांसद व विधायक बन गए लेकिन पानी नहीं ला पाए। भाजपा की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पहला समझौता ही यमूना जल का किया और जिले के लोगों की पीने की पानी व सिंचाई के पानी की समस्या का जल्द ही समाधान हो जाएगा।
जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ ने कहा कि जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का ऐतिहासिक स्वागत करेगा। कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के स्वागत के लिए लगाए जाने वाले होॄडग में सरकारी योजनाओं की भी जानकारी आमजन को देनी चाहिए। कहा जो जिम्मेदारी कार्यकर्ता को मिले उसे पूरी ताकत के साथ निभाकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत होना चाहिए।
बैठक को सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां, धोद विधायक गोरधन वर्मा, खंडेला विधायक सुभाष मील, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, केडी बाबर, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, डॉ. कमल सिखवाल, गजानंद कुमावत, श्रवण चौधरी, दिनेश जोशी, ममता निठारवाल, प्रभुसिंह शेखावत, मूलचंद रणवां, अशोक चौधरी, शंकरलाल यादव आदि ने संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जिले में आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत करने का आव्हान कार्यकर्ताओं से किया। बैठक का संचालन राजेश रोलन व नेमीचंद कुमावत ने किया।
इस दौरान बैठक में सीकर, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, खंडेला, दांतारामगढ़, धोद, लक्ष्मणगढ़ व फतेहपुर कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- Advertisement -