लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
राजेन्द्र शर्मा जती ब्यूरो चीफ
भरतपुर: । भरतपुर में बयाना क्षेत्र में स्थित बंध बारैठा बांध से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक बांध के किनारे बनी ऐतिहासिक छतरी के ऊपर से छलांग लगाकर पानी में तैरता नजर आ रहा है।
वीडियो खुद युवक ने बनवाकर सोशल मीडिया पर डाला
यह वीडियो युवक ने खुद ही बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, जिसे देखते ही देखते हजारों लोगों ने शेयर और लाइक कर दिया।
बारैठा बांध बारिश के मौसम में भर चुका है और इस समय वहां सैकड़ों पर्यटक घूमने आ रहे हैं। ऐसे में युवक द्वारा इस तरह की खतरनाक हरकत करना न सिर्फ उसकी जान को खतरे में डालने वाला है, बल्कि यह आमजन को भी गलत संदेश देता है। बांध में छलांग लगाना नियमों का उल्लंघन है और प्रशासन द्वारा पूरी तरह निषेध किया गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग सक्रिय हो गया है और अब युवक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की लापरवाही भविष्य में किसी गंभीर हादसे को जन्म दे सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बांध क्षेत्र में नियमों का पालन करें और अपनी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ न करें।