501 महिलाओं ने कलश यात्रा के साथ किए दर्शन, 28 अगस्त तक चलेगा जन्मोत्सव
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर आज मोती डूंगरी गणेश मंदिर में धार्मिक माहौल भक्तिमय हो गया। मंदिर में भगवान गणेशजी का पंचामृत से महाअभिषेक किया गया। इस अवसर पर मंदिर के महंत कैलाश शर्मा व विद्वान पंडितों ने विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कर गणेशजी को नए वस्त्र धारण कराए।
गणेश जी का पंचामृत से महाभिषेक किया गया
इस मौके पर भगवान को 251 किलो दूध, 50 किलो दही, 25 किलो बूरा, 11 किलो शहद और 11 किलो घी से पंचामृत स्नान कराया गया। माना जाता है कि पंचामृत से स्नान कराने से जीवन में समृद्धि और सुख-शांति का वास होता है। भक्तों को रक्षा सूत्र और हल्दी प्रसाद बांटा गया, जिसे सौभाग्य और रक्षा का प्रतीक माना जाता है। ध्वज पूजन कर मंदिर शिखर पर नया ध्वज चढ़ाया गया। जिसे देख श्रद्धालुओं ने इसे आशीर्वाद का संदेश माना। मंदिर महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि अथर्वशीर्ष और गणपति स्तोत्र के पाठों के बीच भगवान को मोदक अर्पित कर जन्मोत्सव मनाया गया। साथ ही गणपति अष्टोत्तरशतनामावली का पाठ कर भक्तों ने विशेष पूजा-अर्चना की। केवल मोतीडूंगरी ही नहीं, शहर के अन्य गणेश मंदिरों में भी मनुहार और पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा।
501 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
विशेष कार्यक्रम के तहत 501 महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली और मंदिर पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन किए। महिलाओं ने कलश यात्रा के बाद प्रसाद वितरित किया और भक्तिमय भजनों से वातावरण गूंज उठा।
गणेशजी के अभिषेक के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ दिव्य दृश्य का आनंद लिया।
गौरतलब है कि मोती डूंगरी गणेश मंदिर में गणेश जन्मोत्सव के तहत विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम 28 अगस्त तक लगातार जारी रहेंगे और प्रतिदिन अलग-अलग धार्मिक झांकियां व अनुष्ठान होंगे।