लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद जिले के मोरचना गांव में आज एक खेत में लगाए गए पिंजरे में पैंथर कैद हो गया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे अपने कब्जे में लिया। पैंथर को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पीपरड़ा नर्सरी ले जाया गया।
वन विभाग के वन्यजीव प्रेमी पन्ना लाल कुमावत ने बताया कि गांव में लंबे समय से मवेशियों का शिकार करने को लेकर ग्रामीण परेशान थे। इसी कारण करीब एक सप्ताह पूर्व विभाग ने खेत में पिंजरा लगाया था, जिसमें आज पैंथर कैद हुआ।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना राजसमंद रेंज अधिकारी लादू लाल शर्मा को दी। उनके निर्देश पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और पैंथर को सुरक्षित तरीके से दूसरे पिंजरे में शिफ्ट किया।
रेस्क्यू टीम में पन्ना लाल कुमावत, घनश्याम पूरबिया, वनरक्षक महेंद्र सिंह, सुमेर सिंह, योगेंद्र सिंह और किशन लाल गायरी मौजूद रहे। इसके बाद पैंथर को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पीपरड़ा नर्सरी लाया गया। परीक्षण के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।
पैंथर को देखने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए वन विभाग की टीम का आभार जताया।
















































