लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
500 से अधिक सामाजिक बंधुओं की सहभागिता
जयपुर। (आर. एन. सांवरिया)। मॉडल टाउन बस्ती, मालवीय नगर में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंगलमुखी हनुमान मंदिर, नया खेड़ा, विद्याधर नगर के संत रामानंद महाराज ने की।
सम्मेलन में मुख्य बौद्धिककर्ता के रूप में महानगर कार्यवाह रूप सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राष्ट्र, समाज और सांस्कृतिक मूल्यों पर प्रेरक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रनिर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। साकेत गोठवाल एवं दक्षिता गोठवाल ने देशभक्ति गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं जयपुर कैंब्रिज अकैडमी, मॉडल टाउन की अध्यापिका रजनी शर्मा ने भावपूर्ण देशभक्ति गीत की प्रस्तुति दी। इसके अतिरिक्त कुटुंब प्रबोधन की बहनों द्वारा प्रस्तुत कुटुंब-आधारित गीत ने पारिवारिक और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
इस विराट सम्मेलन में मॉडल टाउन बस्ती के लगभग 500 से अधिक सामाजिक बंधुओं ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम के अंत में रतन द्वारा आभार व्यक्त किया गया। सम्मेलन का समापन भारत माता की आरती के साथ राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना के वातावरण में संपन्न हुआ।
















































