लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीसांगन (अजमेर)। स्थानीय संवाददाता- ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन थाना क्षेत्र के फतेहपुरा स्थित पिचोलिया रोड पर बुधवार को तेज रफ्तार मिनी ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मिनी ट्रक और बाइक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डुंगरियां कला, पुष्कर हाल निवासी बुधवाड़ा निवासी राजेश उर्फ जावर भोपा (20) और सूरज भोपा (26) बाइक से पिचोलिया की ओर से पीसांगन आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थानाधिकारी सरोज चौधरी के निर्देश पर हेड कांस्टेबल महेश कुमार मीणा, कांस्टेबल कैलाश उड़द, दिनेश चौधरी, शाहरुख खान, महेंद्र कुमावत, धर्मासिंह रावत तथा 108 एम्बुलेंस के पायलट जुबैर देशवाली मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल पीसांगन अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान राजेश उर्फ जावर भोपा ने दम तोड़ दिया, जबकि सूरज भोपा का उपचार जारी है।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर मिनी ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया है। थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
युवक की मौत की खबर से बुधवाड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।