लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंदे पानी से भरी सड़क पर रोजाना जान जोखिम में, ग्रामीणों का आक्रोश फूटा
पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम पंचायत क्षेत्र में मेवड़ा से नथावड़ा होते हुए डेगाना को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों पूरी तरह बदहाल हो गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे खड्डे बन गए हैं और उनमें गंदा पानी भरने से पूरा रास्ता दलदल में तब्दील हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि मेवड़ा पंचायत के विभिन्न मोहल्लों और ढाणियों से रोजाना हजारों लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। लेकिन नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण कई जगह नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। इससे सड़क पर तीखी बदबू, गंदगी और लगातार कीचड़ जमा रहता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वाहन चालकों, विशेष रूप से दोपहिया चालकों, को गहरे गड्ढों और फिसलन भरे हिस्सों के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए इस कच्चे, कीचड़युक्त मार्ग पर सुरक्षित निकलना बेहद कठिन हो गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत मेवड़ा, स्थानीय प्रशासन और निर्माण विभाग ने इस मार्ग की ओर लंबे समय से कोई ध्यान नहीं दिया है। वर्षों से मरम्मत की मांग उठने के बावजूद सड़कों की हालत जस की तस बनी हुई है, जबकि स्वच्छ भारत अभियान और सड़क निर्माण पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत, नालियों की सफाई और उचित जल-निकासी व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।













































