लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। राजस्थान के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल, मीनी पुष्कर एवं मांडव ऋषि की तपोभूमि के रूप में विख्यात टोंक जिले के पवित्र सरोवर माण्डकलां नगरफोर्ट में कीर-कहार, केवट, कश्यप मेहरा समाज का भव्य मंदिर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जा रहा है।
समिति संयोजक किशन लाल कहार (व्याख्याता) ने बताया कि जन-जन की आस्था के प्रतीक श्रीहरि सद्गुरु कालू बाबा का यह मंदिर पवित्र सरोवर के तट पर निर्माणाधीन है। मंदिर की दूसरी मंजिल की छत का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और शीघ्र ही छत भराई एवं शिखर निर्माण का कार्य भी शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए स्थानीय ग्रामीणों, आसपास के गांवों और प्रदेश के विभिन्न जिलों से समाज बंधुओं का सहयोग प्राप्त हो रहा है। साथ ही माण्डकलां नगरफोर्ट में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन से होने वाली बचत राशि भी निर्माण कार्य में लगाई जा रही है।
निर्माणाधीन मंदिर की भव्यता को देखने के लिए सरोवर पर आने वाले श्रद्धालु आकर्षित हो रहे हैं। समाजजन इसे आस्था और एकता का प्रतीक मान रहे हैं।


















































