लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एसीबी नागौर की बड़ी कार्रवाई — मुकदमे में मदद के एवज में मांगे थे 50 हजार रुपए
समाचार विवरण:
मेड़ता सिटी (नागौर)।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) नागौर की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मेड़ता थाने में तैनात एएसआई रामस्वरूप को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एसीबी की एएसपी कल्पना सोलंकी ने बताया कि आरोपी एएसआई ने एक मारपीट के क्रॉस केस में शिकायतकर्ता से गिरफ्तारी से बचाने और मुकदमे में मदद करने के एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। सौदेबाजी के बाद 50 हजार रुपए में समझौता तय हुआ, जिसमें से आरोपी पहले ही 30 हजार रुपए ले चुका था।
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। मंगलवार को कार्रवाई के दौरान आरोपी एएसआई रामस्वरूप को नागौर बाईपास स्थित एक चाय के होटल पर 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया।
एसीबी टीम ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई एसीबी के उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार की जा रही है।
