मप्र के डॉक्टर के नाम पर फर्जीवाड़ा, चौमहला में हॉस्पिटल किया सील

0
42
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

चौमहला, झालावाड़। जिले के चौमहला में मध्यप्रदेश के एक डॉक्टर के नाम का फर्जीवाड़ा कर हॉस्पिटल चलाए जाने का मामला सामने आया। शिकायत मिलने पर चिकित्सा विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सीज कर दिया।

ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजकुमार वाघेला ने बताया कि सीएमएचओ डॉ. साजिद खान को मध्यप्रदेश के डॉ. एस.आर. चौहान से शिकायत मिली थी कि उनके नाम का जबरन उपयोग कर चौमहला में बिना डिग्रीधारी द्वारा “मां पीतांबरा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल” का संचालन किया जा रहा है। प्राप्त सूचना के आधार पर सीएमएचओ के निर्देश पर गठित टीम अस्पताल पहुंची।

सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधक मौके से फरार हो गए, वहीं मौके पर मौजूद नर्सिंगकर्मी भी टीम को देखकर भाग निकले। निरीक्षण में अस्पताल के लिए आवश्यक दस्तावेज, लैब, मेडिकल सुविधाएं और योग्य चिकित्सक नहीं पाए गए। डॉ. कुलदीप और डॉ. मुल्तानी द्वारा अस्पताल का संचालन किया जा रहा था, जो मौके से फरार थे।

चिकित्सा विभाग की टीम ने अस्पताल को सीज कर दिया। मौके पर गंगधार तहसीलदार और पुलिस जाप्ता भी मौजूद रहा। निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर सीएमएचओ को सौंप दी जाएगी, जिसके बाद नियमानुसार आगे कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना डिग्री संचालित किए जा रहे चिकित्सा संस्थानों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here