लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। (लोक टुडे न्यूज नेटवर्क | रूपनारायण सांवरिया)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 125वीं कड़ी का सीधा प्रसारण रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने की। इस अवसर पर प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
राहत कार्यों और आपदा प्रबंधन की सराहना
प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री ने हाल ही में देशभर में आई बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं पर संवेदना व्यक्त करते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, डॉक्टरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा किए गए राहत कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि “कठिन परिस्थितियों में तकनीक और मानवता ने मिलकर राहत कार्यों को गति दी।”
खेलों और युवाओं की उपलब्धियों पर विशेष जोर
प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में पहला डे-नाइट क्रिकेट मैच (पुलवामा) और डल झील पर खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने ओडिशा की रश्मिता साहू और श्रीनगर के मोहसिन अली की उपलब्धियों की सराहना की।
प्रतिभा सेतु पोर्टल और प्रेरणादायी पहलें
प्रधानमंत्री ने UPSC में अंतिम सूची तक न पहुंच पाए योग्य अभ्यर्थियों के लिए शुरू किए गए ‘प्रतिभा सेतु’ पोर्टल की जानकारी दी, जिसके माध्यम से निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने सूरत के जितेन्द्र सिंह राठौड़ के शहीदों की स्मृति में किए जा रहे कार्यों और बिहार की ‘सोलर दीदी’ देवकी की पहल को देशभक्ति और आत्मनिर्भरता की मिसाल बताया।
सांस्कृतिक विरासत और आत्मनिर्भर भारत
प्रधानमंत्री ने दुनिया भर में रामायण और भारतीय संस्कृति की बढ़ती लोकप्रियता पर प्रसन्नता व्यक्त की। इटली, कनाडा और रूस में हुए सांस्कृतिक आयोजनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय मूल्यों को वैश्विक मंच पर पहचान मिल रही है।
उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के मंत्र को दोहराते हुए नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने और स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
विशेष शुभकामनाएं और ऐतिहासिक स्मरण
प्रधानमंत्री ने आगामी 15 सितंबर को इंजीनियर्स डे और 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती पर इंजीनियरों और कारीगरों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के ऑडियो क्लिप का ज़िक्र करते हुए हैदराबाद मुक्ति दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और भारतीय सेना के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, महामंत्री दामोदर अग्रवाल, श्रवण सिंह बगड़ी, प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी, सांसद मंजू शर्मा, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष सुमन शर्मा, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।














































